
- खेलते समय गेट गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत
- जर्जर गेट हटाने में लोगों को करनी पड़ी मशक्कत
- गर्मी की छुट्टियों में ननिहाल आया था मासूम
- प्रशासन ने जांच और मुआवजे का दिया आश्वासन
लखनऊ। लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित निशातगंज के एक सरकारी बचपन डे-केयर सेंटर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सेंटर परिसर में खेल रहे 8 वर्षीय मासूम की जर्जर लोहे का गेट गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पहचान बहराइच जिले के बंजारी मोड़ धन्नीपुर निवासी विक्रम कश्यप के पुत्र शिवा के रूप में हुई है। शिवा गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपनी मां ललिता और भाई-बहनों के साथ ननिहाल आया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान डे-केयर सेंटर का पुराना और जर्जर गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गेट के नीचे दबते ही बच्चे जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
स्थानीय लोगों ने बच्चे को बचाने के लिए गेट हटाने का प्रयास किया, लेकिन गेट काफी भारी होने के कारण उसे तुरंत नहीं उठाया जा सका। काफी मशक्कत के बाद जब गेट हटाया गया, तब तक शिवा गंभीर रूप से घायल हो चुका था और उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ननिहाल पक्ष के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।









