
- क्या BCCI विदेशी खिलाड़ियों को फिर से मना पाएगा?
- क्या अधूरा पंजाब-दिल्ली मैच फिर से खेला जाएगा?
- सिर्फ तीन शहरों में IPL क्यों? जानिए पीछे की वजह
IPL 2025 के शेष 16 मैचों को लेकर आज भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह मीटिंग ऑनलाइन माध्यम से होगी जिसमें बोर्ड के अधिकारी अलग-अलग शहरों से हिस्सा लेंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते 9 मई को टूर्नामेंट को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। उस समय तक कुल 74 में से 58 मुकाबले खेले जा चुके थे।
शनिवार को दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा था कि रविवार को बोर्ड की बैठक के बाद आईपीएल को दोबारा शुरू कराने पर फैसला लिया जाएगा।
सिर्फ दक्षिण भारत के शहरों में हो सकते हैं शेष मुकाबले
पहले बचे हुए मैच देश के 9 शहरों—लखनऊ, अहमदाबाद, दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर और कोलकाता—में खेले जाने थे। लेकिन ESPN की रिपोर्ट के अनुसार अब सुरक्षा कारणों से केवल तीन शहर—चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद—को ही मैच आयोजन के लिए चुना जा सकता है। यह शहर पाकिस्तान सीमा से काफी दूर हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर असर नहीं पड़ेगा।
टूर्नामेंट मई में नहीं हुआ तो सितंबर तक करना पड़ सकता है इंतजार
BCCI की कोशिश रहेगी कि टूर्नामेंट मई में ही पूरा हो जाए। अगर ऐसा संभव नहीं हो सका तो सितंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल और फिर इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज तय है।








