
- पाकिस्तान की सीमा से हो रही बमबारी से जम्मू-कश्मीर में दहशत
- श्रद्धालु बोले: मंदिरों में ब्लैकआउट, होटल और बाजार बंद
- धमाकों की आवाज से लोग कांप उठे, ट्रेन से लौटे डरे हुए यात्री
लखनऊ। पाकिस्तान की ओर से सीमा पार हो रही बमबारी ने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में रह रहे नागरिकों और श्रद्धालुओं के बीच दहशत का माहौल बना दिया है। धमाकों की गूंज और आसमान से बरसते बमों के बीच लोगों ने जीवन बचाने की जद्दोजहद की।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर जब जम्मू-कश्मीर और पंजाब से लौटे लोग पहुंचे तो उनके चेहरे पर भय और राहत दोनों नजर आई।
श्रद्धालु बोले – माता वैष्णो देवी मंदिर में भी हुआ ब्लैकआउट
पश्चिम बंगाल के रतन सिंह ने बताया, “हम माता वैष्णो देवी के दर्शन को गए थे, लेकिन अचानक माहौल डरावना हो गया। होटल बंद हो गए, मंदिर परिसर में ब्लैकआउट कर दिया गया। हम ट्रेन पकड़कर वहां से निकले। किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।”
राजौरी में दुकान के पास दगा बम, बाल-बाल बचे लोग
जम्मू के राजौरी में काम करने वाले अमिया सामंत ने कहा, “सुबह ही बमबारी शुरू हो गई थी। मैं जिस ज्वेलरी की दुकान पर काम करता हूं, उसके पास बम फटा। तुरंत वहां से निकलना पड़ा।”
सेना ने दिखाई तत्परता, सुरक्षित निकाले नागरिक
अयोध्या की गुड़िया देवी ने बताया कि माता वैष्णो देवी के दर्शन के दौरान अचानक हमले शुरू हो गए। उन्होंने कहा, “श्रद्धालु डर गए थे, कई मंदिरों के पास बम गिरे थे। सेना ने सक्रियता दिखाई और हमें सुरक्षित बाहर निकाला।”
धमाकों के बीच चुपचाप बैठी रही ट्रेन, लोग बोले- भगवान सेना को लंबी उम्र दे
बहराइच की राजेश्वरी देवी ने बताया, “जम्मू से ट्रेन में बैठे तो बाहर से धमाकों की आवाजें आ रही थीं। लोग चुपचाप बैठे थे, किसी ने ट्रेन की लाइट तक जला रखी थी। डर के माहौल में सेना के जवान हमारी ढाल बने।”









