- मरीनो वाटर पार्क में नहाते वक्त युवक की डूबने से मौत
- मृतक सनी राठौर लकड़ मंडी थाना सआदतगंज का निवासी
- घटना की सूचना बीकेटी थाना पुलिस को दी गई
लखनऊ। लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र स्थित मरीनो वाटर पार्क में एक दुखद घटना घटी है, जहां शनिवार शाम को नहाते वक्त लकड़ मंडी थाना सआदतगंज के निवासी सनी राठौर की डूबने से मौत हो गई। यह घटना कठवारा गांव के चंद्रिका देवी मंदिर के पास स्थित वाटर पार्क में हुई। मृतक के साथियों ने घटना की जानकारी बीकेटी थाने को दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें थाने में बैठा लिया।
इस मामले पर जब चंद्रिका देवी मंदिर पुलिस चौकी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस घटना से अनभिज्ञता जताई। बीकेटी थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर प्राप्त होते ही मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस पर विस्तृत कार्रवाई की संभावना है।








