लंच कर रहे युवकों पर पालतू कुत्तों का हमला- विरोध करने पर ईंट से सिर फोड़ा

  • विरोध करने पर कार सवार ने साथियों संग की मारपीट, युवक का सिर ईंट से फोड़ा
  • तीन महीने तक पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
  • घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती

लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के पास दोपहर का लंच कर रहे दो युवकों पर पालतू कुत्तों ने हमला कर दिया। जब युवकों ने इसका विरोध किया, तो कार सवार व्यक्ति ने अपने साथियों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की। हमले में एक युवक के सिर पर ईंट मार दी गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। गंभीर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना 4 मार्च की, पुलिस ने तीन महीने तक नहीं सुनी फरियाद

घटना कृष्णानगर अमौसी निवासी राम सनेही के बेटे सिद्धार्थ और उसके दोस्त पारितोष के साथ 4 मार्च को दोपहर 2:30 बजे हुई। दोनों युवक जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-7 के पास लंच कर रहे थे, तभी एक कार से उतरे दो पालतू कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।

विरोध पर बुलाए साथी, की मारपीट

कार सवार से जब युवकों ने विरोध किया, तो उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हुई और मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि हमलावरों ने सिद्धार्थ के सिर पर ईंट से वार किया जिससे वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत सेंट जोजफ अस्पताल ले गए।

पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद, पीड़ित ने की कमिश्नर से शिकायत

घायल सिद्धार्थ के पिता राम सनेही ने गोमतीनगर थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्के में लेते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। तीन महीने तक पीड़ित को टरकाया गया। आखिरकार तंग आकर पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर से सीधे शिकायत की। कमिश्नर की फटकार के बाद गोमतीनगर थाने ने कार नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज की।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इंस्पेक्टर गोमतीनगर ने बताया कि कार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Back to top button