जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

डेंगू-मलेरिया के आंकड़े समय पर अपलोड न करने पर कार्रवाई, टीकाकरण और एंबुलेंस सेवाओं पर विशेष जोर

**अम्बेडकरनगर।** कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अप्रैल माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

वेक्टर जनित रोगों की रिपोर्टिंग में लापरवाही पर कार्रवाई

बैठक में मलेरिया और डेंगू की जांच एवं उपचार से संबंधित अद्यतन आंकड़े वेक्टर जनित रोग कार्यक्रम पोर्टल पर समय से उपलब्ध न कराए जाने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा जिला मलेरिया अधिकारी का वेतन अगले आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए।

साथ ही निजी चिकित्सालयों में होने वाली डेंगू और मलेरिया जांच की शत-प्रतिशत प्रविष्टि यूडीएसपी पोर्टल पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

नवजातों के पंजीकरण और पूर्ण टीकाकरण पर जोर

टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी प्रसव इकाइयों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात का ई-कवच और यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी पात्र बच्चों और लाभार्थियों को पूर्ण टीकाकरण से आच्छादित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

एंबुलेंस सेवाओं का होगा औचक निरीक्षण

बैठक में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी एंबुलेंसों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों और कर्मचारियों की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।

इसके अलावा एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button