लखनऊ में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की मां की बेरहमी से हत्या

  • लखनऊ के चिनहट में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर मां की हत्या की
  • रेप और लूट का एंगल देने के लिए शव को किया न्यूड
  • हत्या के बाद बेटी ने रोते हुए पड़ोसियों को किया गुमराह

लखनऊ। लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित सेमरा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या को लूट और रेप का रूप देने की कोशिश की गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय उषा सिंह के रूप में हुई है, जो ऑडिट भवन में हाउसकीपिंग का काम करती थीं।

पुलिस के मुताबिक, बेटी लकी और उसके प्रेमी शाहिद ने मिलकर उषा की गला रेतकर हत्या की। पहले कपड़े से गला कसकर बेहोश किया गया, फिर शीशे से गला काट दिया गया। हत्या के बाद शव को न्यूड कर दिया गया, ताकि वारदात को रेप और लूट जैसा दिखाया जा सके।

वारदात के बाद बेटी ने किया ड्रामा

हत्या के बाद लकी ने अपने प्रेमी को घर से भगा दिया और खुद छत पर चढ़कर चिल्लाने लगी। उसने पड़ोसियों को बताया कि बदमाशों ने घर में घुसकर मां की हत्या कर दी। साथ ही अपने मामा को भी फोन कर बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बेटी के बयानों में विरोधाभास दिखा, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो लकी टूट गई और हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी प्रेमी शाहिद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी बेटी

पुलिस जांच में सामने आया कि लकी अपने प्रेमी शाहिद से शादी करना चाहती थी, लेकिन मां उषा इसके खिलाफ थीं। साल 2024 में लकी शाहिद के साथ घर से भाग गई थी। तब उषा सिंह ने शाहिद के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसके चलते उसे जेल जाना पड़ा था। जेल से छूटने के बाद भी वह लकी के संपर्क में था और दोनों लगातार उषा को धमकियां दे रहे थे।

वारदात को अंजाम देने के लिए बनाया रेप-लूट का प्लान

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद लूट और रेप का एंगल दिखाने के लिए मृतका के कपड़े उतार दिए गए। बेटी लकी ने खुद पड़ोसियों को सूचना दी कि कुछ बदमाशों ने मां की हत्या कर दी। घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की है।

1000 स्क्वायर फीट के घर में रहते थे मां-बेटी

पुलिस के मुताबिक, उषा सिंह और उनकी बेटी लकी चिनहट के सेमरा गांव में 1000 स्क्वायर फीट के घर में अकेली रहती थीं। उषा के पति की 12 साल पहले मौत हो चुकी थी और उनका कोई बेटा नहीं था। शाहिद आदर्श नगर मोहल्ले में रहता है, जो घटनास्थल से महज 400 मीटर दूर है।

मामा ने पुलिस को दी जानकारी

मृतका के भाई रवि सिंह ने पुलिस को बताया कि भांजी लकी और उसके प्रेमी शाहिद ने मिलकर उसकी बहन की हत्या की है। उन्होंने यह भी बताया कि लकी का रवैया ठीक नहीं था और उषा उसे काम पर भी अपने साथ ले जाया करती थीं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और कई साक्ष्य जुटाए। मौके से मिले सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। फॉरेंसिक टीम भी पूरे मामले की वैज्ञानिक जांच कर रही है।

टैग्स: लखनऊ हत्या, बेटी ने की मां की हत्या, चिनहट मर्डर केस, प्रेम प्रसंग हत्या, शाहिद और लकी, लखनऊ क्राइम न्यूज

Back to top button