भिंड में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत

  • एनएच-719 पर गोहद इलाके में देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
  • पिकअप में सवार थे 29 मजदूर, 23 लोग घायल
  • धान की रोपाई का काम पूरा कर ग्वालियर से लौट रहे थे मजदूर

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। गोहद इलाके में करीब रात 1 बजे तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ट्रक चालक भी शामिल है।

हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पिकअप में सवार थे 29 मजदूर

घायल नंदलाल के मुताबिक पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हादसे के बाद शुरुआती जानकारी में चार मजदूरों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।

गोहद और ग्वालियर में रखे शव

गोहद चौराहा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मृत पांच लोगों के शव गोहद में और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आठ मृतकों में से छह की पहचान कर ली गई है, जबकि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button