
- राहुल गांधी और खड़गे पहुंचे होसपेटे की समर्पण संकल्प रैली में
- 1.11 लाख परिवारों को दिए गए डिजिटल टाइटल डीड
- 6 लाख लोगों को मिलेगा घर का कानूनी मालिकाना हक
बेंगलुरु। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को कर्नाटक के विजयनगर ज़िले के होसपेटे में आयोजित ‘समर्पण संकल्प रैली’ में शामिल हुए। यह कार्यक्रम राज्य में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया। रैली के दौरान 1 लाख 11 हजार लोगों को घर के मालिकाना हक के डिजिटल टाइटल डीड सौंपे गए।
इस योजना का लाभ घुमंतू, अर्ध-घुमंतू और ग्रामीण खेतिहर समुदायों को दिया जा रहा है, जिनकी बस्तियां अब तक सरकारी या निजी जमीन पर बसी हुई थीं। अब इन्हें ‘रेवेन्यू विलेज’ का दर्जा देकर कानूनी रूप से मकान मालिक बनाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने 2015 में किया था वादा
इस महत्वाकांक्षी योजना की नींव 2015 में डाली गई थी, जब राहुल गांधी ने कर्नाटक दौरे के दौरान वादा किया था कि ऐसी बस्तियों को कानूनी अधिकार दिलाए जाएंगे। अब कांग्रेस सरकार ने उस वादे को ज़मीन पर उतारते हुए लाखों लोगों को स्थायित्व और सम्मान देने का कार्य किया है।
राजस्व मंत्री बोले- भारत का सबसे बड़ा टाइटल डीड वितरण कार्यक्रम
राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा कि यह देश का सबसे बड़ा मालिकाना हक दस्तावेज़ वितरण कार्यक्रम है। उनके अनुसार, इससे कुल 6 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया,
“2017 से 2019 के बीच 36,000 टाइटल डीड जारी किए गए। 2019 से 2023 के बीच 72,000 और 2023 से अब तक 1 लाख से अधिक दस्तावेज़ बांटे जा चुके हैं। अगले 6 महीनों में 50,000 और परिवारों को टाइटल डीड दिए जाएंगे।”
हर परिवार को मिलेगा डिजिटल खतौनी
अब जो टाइटल डीड दिए जा रहे हैं, वे पूरी तरह डिजिटल होंगे। इन्हें ग्राम पंचायत के ऑनलाइन संपत्ति रजिस्टर से लिंक किया जा रहा है, जिससे दस्तावेज़ों के गुम या फर्जी होने की संभावना नहीं रहेगी। इससे लोग किसी भी तरह के स्थानीय शोषण या बेदखली से सुरक्षित रहेंगे।
ये भी पढ़ें-छगन भुजबल ने ली मंत्री पद की शपथ- कहा- ‘अंत भला तो सब भला
राजस्व मंत्री ने बताया कि 2017 से 2023 के बीच जारी किए गए 1.2 लाख टाइटल डीड में से केवल 5,000 ही ग्राम पंचायत रिकॉर्ड में जोड़े गए थे, जिससे लाखों लोग अधिकार से वंचित रह गए थे। नई डिजिटल व्यवस्था अब इस खामी को दूर करेगी।








