
- सीवर लाइन निर्माण कार्य बना हादसे की वजह
- बारिश में धंसी सड़क, युवक 8 फीट गहरे गड्ढे में गिरा
- दोस्तों की बहादुरी और जेसीबी से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आगरा। शहर में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद कालिंदी विहार की सौ फुटा रोड पर बड़ा हादसा हो गया। सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क अचानक धंस गई, जिससे तीन युवक मलबे में फंस गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नाले के निर्माण कार्य से कमजोर हुई सड़क, बारिश में धंसी
यह हादसा ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र के आरबी डिग्री कॉलेज के पास हुआ, जहां पिछले एक माह से नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। सुबह करीब 9 बजे हुई तेज बारिश के बाद सड़क पर जलभराव हो गया। उसी दौरान एक निजी अस्पताल में काम करने वाले गौरव (निवासी गुलाब नगर) अपने दो साथियों कृष्णा और राहुल के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे।
कॉलेज मोड़ के पास गौरव अचानक सड़क धंसने से बने करीब 8 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। उसे बचाने के लिए कृष्णा और राहुल भी तुरंत गड्ढे में उतर गए।
रेस्क्यू के लिए जुटे स्थानीय लोग और पुलिस
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों युवकों को बाहर निकालने के लिए लोगों ने रस्सियों और फावड़ों से मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जेसीबी मंगवाई। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गौरव को मलबे से बाहर निकाला गया।









