
- पीएम मोदी 22 मई को वर्चुअली करेंगे उद्घाटन
- हेरिटेज लुक में दिखेगा स्टेशन, भित्ती चित्र प्रस्तावित
- स्टेशन की क्षमता तीन गुना यात्री भार सहने लायक
फतेहपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फतेहपुर रेलवे स्टेशन का 15.57 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन को लाल पत्थरों से हेरिटेज लुक दिया गया है, वहीं प्रवेश और निकासी के अलग-अलग द्वार, दिव्यांगजन के लिए रैंप, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, टीनशैड, पेयजल, पार्किंग और शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सोमवार को एडीआरएम गौरव गौड़ और डीसीएम कमल शर्मा ने स्टेशन का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की।
22 मई को पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
फतेहपुर स्टेशन का उद्घाटन 22 मई, गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से बीकानेर में आयोजित सभा से करेंगे। इसी दिन देशभर के 103 पुनर्विकसित स्टेशनों का एक साथ उद्घाटन किया जाएगा, जिनमें बूंदी, मांडलगढ़, देशनोक, गोगामेड़ी, गोविंदगढ़, मंड़ावर-महुवा रोड और राजगढ़ स्टेशन शामिल हैं।
2047 तक का ध्यान, ढाई गुना यात्रियों के लिए पर्याप्त
एडीआरएम गौड़ ने बताया कि स्टेशन को 2047 तक की यात्री आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। फिलहाल स्टेशन से रोज़ाना लगभग 2400 यात्री सफर करते हैं, लेकिन अब यह स्टेशन ढाई से तीन गुना अधिक यात्रियों की भीड़ को संभालने में सक्षम होगा।
ये भी पढ़ें-NEET PG नॉर्मलाइजेशन पर सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई
हेरिटेज सौंदर्य बढ़ेगा, दीवारों पर होंगे भित्ती चित्र
स्टेशन की दीवारों पर जल्द ही फतेहपुर की लोक संस्कृति और हवेलियों की थीम पर फ्रेस्को पेंटिंग (भित्ती चित्र) बनाए जाएंगे, जिससे स्टेशन का हेरिटेज लुक और बेहतर होगा।








