- मौसम विभाग का अनुमान: बारिश और गरज-चमक के आसार
- तेज हवाएं चलने की चेतावनी, हवा की रफ्तार 50 किमी/घंटा तक संभव
- 23 मई को अधिकतम तापमान 38°C, सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा
लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला नजर आया। सुबह धूप और छांव की स्थिति रही, लेकिन दिन चढ़ते ही चटक धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आगामी दो दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।
तेज हवा और आंधी की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर यह रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। बिजली कड़कने और गरजने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उमस ने किया बेहाल
शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 87% और न्यूनतम 40% रही, जिससे उमस और बढ़ गई।
ये भी पढ़ें-लखनऊ में कलेक्ट्रेट की महिला कर्मचारी 12 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले में ना निकलें। पेड़, खंभों और बिजली की लाइन के पास खड़े होने से बचें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और आवश्यक उपाय करें।








