
मुंबई। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक गिरकर 81,250 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 250 अंक टूटकर 24,750 के आसपास कारोबार कर रहा है।
बाजार में चौतरफा बिकवाली का माहौल है। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर लाल निशान में हैं। वहीं, निफ्टी के 50 में से 39 शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। अल्ट्राटेक सीमेंट, ITC, NTPC जैसे दिग्गज शेयरों में 2% तक की गिरावट है, जबकि इंडसइंड बैंक में करीब 3% की तेजी देखी गई।
सेक्टोरल परफॉर्मेंस
NSE के IT इंडेक्स में 0.93%, ऑटो में 0.60%, और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.73% की गिरावट है। हालांकि, मीडिया, मेटल, फार्मा और रियल्टी सेक्टर्स में हल्की बढ़त देखी गई।
अमेरिकी बाजार से मिले कमजोर संकेत
बाजार की गिरावट की एक वजह अमेरिकी बाजारों में कमजोरी भी है। 23 मई को डाउ जोन्स 256 अंक, नैस्डेक 188 अंक और S&P 500 39 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे। इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है।
‘द लीला’ होटल्स का IPO आज दूसरे दिन
भारतीय लग्जरी होटल चेन ‘द लीला’ की पैरेंट कंपनी श्लॉस बैंगलोर लिमिटेड का IPO सोमवार से खुला है। IPO के जरिए कंपनी 3,500 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसमें 2,500 करोड़ के फ्रेश इश्यू और 1,000 करोड़ के ऑफर फॉर सेल शामिल हैं। रिटेल निवेशक 28 मई तक इसमें निवेश कर सकते हैं।
सोमवार को रही थी तेजी
हफ्ते की शुरुआत में बाजार ने मजबूती दिखाई थी। 26 मई को सेंसेक्स 455 अंक चढ़कर 82,176, और निफ्टी 148 अंक की तेजी के साथ 25,001 पर बंद हुआ था। इस दिन सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में तेजी आई थी। IT, ऑटो और मेटल सेक्टर में विशेष बढ़त देखी गई थी।









