लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक का दो दिन पहले ही जन्मदिन मनाया गया था, जिसे उनकी 11 वर्षीय बेटी ने बड़े उत्साह के साथ मनाया था।
काकोरी के हलवापुर गांव निवासी मुकेश गौतम (37) आम तोड़ने के लिए घर के पास लगे पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुकेश को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार मुकेश आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करते थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब तीन वर्ष पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था। उनकी 11 वर्षीय बेटी पारी उनके साथ रहती थी और दोनों के बीच बेहद गहरा लगाव था।
परिवार ने बताया कि दो दिन पहले ही मुकेश का जन्मदिन मनाया गया था। बेटी पारी ने पिता के लिए केक कटवाया था और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
मुकेश अपने पीछे मां सावित्री देवी, तीन भाई अशोक, अमित और आकाश तथा बहनें सीमा और कोमल को छोड़ गए हैं। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है।








