
- संगम अकादमी, राजस्थान की ओर से मिला वीर सावरकर स्मृति सम्मान
- 27 काव्य संग्रहों और 1000+ लेखों में डॉ. मिश्र का योगदान
- अवध विश्वविद्यालय में उनके साहित्य पर हो रहा शोध
अम्बेडकरनगर। जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुलतानपुर के प्रवक्ता डॉ. उदयराज मिश्र को वीर सावरकर स्मृति सम्मान-2025 से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें राजस्थान की प्रतिष्ठित संस्था संगम अकादमी द्वारा उनके साहित्यिक योगदान और सांस्कृतिक चेतना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदान किया गया है।
डॉ. मिश्र की साहित्यिक यात्रा बहुआयामी रही है। अब तक 27 साझा काव्य संग्रहों में उनकी सहभागिता रही है, साथ ही 1000 से अधिक लेख और स्तंभ रचनाएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। उनका साहित्य सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों को समर्पित है। डॉ. मिश्र के साहित्य पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में शोध कार्य भी जारी है, जो उनके लेखन की गंभीरता और प्रासंगिकता को दर्शाता है।
डॉ. उदयराज मिश्र वर्तमान में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश के माध्यमिक संवर्ग के अयोध्या मंडल अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय हैं। वे शिक्षण कार्य के साथ ही युवा पीढ़ी में सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना के विकास हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
वीर सावरकर स्मृति सम्मान मिलने पर जिले में प्रसन्नता की लहर है। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी श्रीशपति त्रिपाठी, प्रधानाचार्य कप्तान सिंह, उमेश कुमार पांडेय, शिव कुमार तिवारी एवं डॉ. विनय कुमार सहित अनेक शिक्षाविदों, साहित्यप्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. मिश्र को बधाई दी है और इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया है।









