इब्राहिमपुर में बेलगाम गुंडई ने खोली कानून व्यवस्था की पोल

  • घटना का वीडियो वायरल, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
  • आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं पुराने आपराधिक मुकदमे
  • अभी तक नहीं हुई किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी

अम्बेडकरनगर। जनपद के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। खुलेआम गुंडई, आये दिन हो रही मारपीट की घटनाएं और पुलिस की निष्क्रियता अब आम चर्चा का विषय बन चुकी है। रविवार को दिनदहाड़े इल्तिफातगंज में आरएवी स्कूल के मोड़ के पास हुई एक वारदात ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घात लगाकर किया गया हमला, युवक गंभीर घायल

जानकारी के अनुसार, शाकिब पुत्र नज़ीरुद्दीन बेग, निवासी अलनपुर, अपने एक साथी के साथ पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकला था। जब वह इल्तिफातगंज स्थित आरएवी स्कूल के पास पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोका और हॉकी व डंडों से बुरी तरह पीट डाला। इस हमले में शाकिब और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमलावरों के भागने के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई, जिसके बाद परिजनों ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग इब्राहिमपुर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रारंभ में थानाध्यक्ष मुकदमा दर्ज करने से कतराते नजर आए, लेकिन उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सोएबुद्दीन बेग के प्रार्थनापत्र पर कार्रवाई की गई।

इस पर अंश पाण्डेय उर्फ गोलू, सुधांशू उर्फ अक्कू पाण्डेय, पुत्रगण वीरेंद्र पाण्डेय, निवासी बैरमपुर, हर्षित शर्मा, निवासी पूरा बख्सराय, तथा एक अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

 

Back to top button