
- पांच जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद, दो जिलों में कर्फ्यू
- 2023 से जारी जातीय संघर्ष में अब तक 300 से अधिक मौतें
- राष्ट्रपति शासन के बीच नई सरकार बनने की संभावना 15 जून तक
इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। CBI ने रविवार को मैतेई संगठन ‘अरम्बाई टेंगोल’ के नेता करन सिंह को 2023 की हिंसा में कथित भूमिका के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही शनिवार देर रात राजधानी इंफाल सहित कई क्षेत्रों में प्रदर्शन और आगजनी शुरू हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने इंफाल के क्वाकेथेल, उरीपोक और खुरई लामलोंग जैसे इलाकों में सड़कों पर टायर और फर्नीचर जलाए। एक बस को आग के हवाले कर दिया गया। कुछ स्थानों पर लोगों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास भी किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में 7 जून की रात 11:45 बजे से पांच दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं बंद कर दी हैं। साथ ही इंफाल ईस्ट और बिष्णुपुर में कर्फ्यू भी लगा दिया गया है।
केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ी, सुरक्षा सख्त
राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजभवन की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
300 से ज्यादा मौतें, 70 हजार विस्थापित
गौरतलब है कि मणिपुर में 3 मई 2023 से कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जारी हिंसा में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 1,500 से ज्यादा घायल हुए हैं और 70,000 से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं। अब तक 6,000 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।








