
- दूल्हा खुद चला कर लाया हेलीकॉप्टर जैसी दिखने वाली विशेष कार
- रफीगंज क्षेत्र के पलया गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी
- कार की डिज़ाइन और ध्वनि प्रणाली ने सबका ध्यान खींचा
अंबेंडकरनगर। रविवार को जिले के रफीगंज क्षेत्र में एक ऐसी अनोखी और आकर्षक बारात पहुंची, जिसने क्षेत्र के लोगों को रोमांचित कर दिया। डुमरियागंज से आई इस बारात की खासियत दूल्हे की अनोखी सवारी रही, जो हेलीकॉप्टर जैसी दिखने वाली विशेष कार थी। यही विशेषता इस शादी समारोह को यादगार और चर्चा का विषय बना गई।
पलया ग्राम स्थित हरिजन बस्ती में जब बारात पहुंची, तो वहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सभी की निगाहें केवल दूल्हे की उस कार पर थीं, जो अपनी बनावट और डिज़ाइन में किसी हेलीकॉप्टर से कम नहीं थी। सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा स्वयं इस अनोखी कार को चला कर बारात लेकर आया।
जैसे ही हेलीकॉप्टर जैसी कार ने गांव में प्रवेश किया, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं उसे देखने के लिए अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। कार की डिजाइन को लेकर लोगों में भारी उत्सुकता देखी गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी बारात को देखने पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने पहले कभी ऐसी कार नहीं देखी, जो दूर से वास्तविक हेलीकॉप्टर जैसी प्रतीत हो। इसकी चमकदार बनावट, उभरे हुए पंखों जैसे हिस्से और विशेष ध्वनि प्रणाली ने इसे और भी आकर्षक बना दिया।








