
- लखनऊ में कोरोना के तीन नए केस
- SGPGI के वरिष्ठ डॉक्टर पॉजिटिव
- सभी संक्रमित होम आइसोलेशन में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में कोरोना संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर चढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में लखनऊ में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में SGPGI के क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर भी शामिल हैं। साथ ही 42 वर्षीय पुरुष और 27 वर्षीय युवती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तीनों ही संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी हुई है।
गाजियाबाद से लौटे डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव
SGPGI के 57 वर्षीय डॉक्टर 25 मई को गाजियाबाद गए थे। लौटने के बाद उन्हें बुखार और जुकाम की शिकायत हुई, जिसके बाद RT-PCR जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल वे होम आइसोलेशन में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
बादशाह नगर के 42 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित
CMO कार्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पेपर मिल कॉलोनी, बादशाह नगर निवासी एक 42 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें 5 जून से लगातार बुखार था। दिल्ली की यात्रा से लौटने के बाद निजी लैब में जांच कराई गई, जहां संक्रमण की पुष्टि हुई।
दिल्ली से लौटी गोमती नगर निवासी युवती भी संक्रमित
विनीत खंड, गोमती नगर की रहने वाली 27 वर्षीय युवती भी संक्रमित पाई गई हैं। वह 30 मई से 6 जून तक दिल्ली में थीं और 6 जून को तेजस ट्रेन से लखनऊ लौटी थीं। लगातार बुखार और जुकाम जैसे लक्षणों के बाद जब सैंपल जांच के लिए भेजा गया, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल युवती भी होम आइसोलेशन में हैं।








