
कानपुर देहात। कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक शादीशुदा प्रेमी युवक ने नाबालिग प्रेमिका पर चापड़ से हमला कर दिया और पुलिस के सामने ही खुद को गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लड़की घायल है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रेमिका से मिलने 100 किमी दूर से आया था युवक
कन्नौज निवासी कुंदन (25) बाइक से 100 किमी दूर स्थित प्रेमिका के गांव आया था। घर के बाहर पहुंचते ही उसने गाली-गलौज और लड़की को सौंपने की मांग शुरू कर दी। परिजनों के विरोध पर उसने चापड़ निकाल लिया।
पुलिस के सामने किया हमला
सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। उसी वक्त युवक ने नाबालिग पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे उसके गले और हाथ में गंभीर चोट आई। इसके बाद युवक भागने लगा, पर जब पुलिस ने पीछा किया तो उसने अपनी कनपटी पर तमंचा रखकर खुद को गोली मार ली।
पहले से था शादीशुदा, दो बार भाग चुके थे साथ
एसपी अरविंद मिश्रा ने बताया कि युवक शादीशुदा था और पिछले दो सालों से लड़की से प्रेम संबंध में था। दोनों पहले भी दो बार घर से भाग चुके थे। दूसरी बार भागने के बाद जब लड़की को युवक की शादी का पता चला तो उसने रिश्ता तोड़ दिया।
परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
पुलिस ने लड़के के परिजनों को बुलाया, लेकिन उन्होंने शव लेने से मना कर दिया और कहा कि “अब उसका हमसे कोई लेना-देना नहीं है।” फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, आगे की कार्रवाई जारी है।









