
अम्बेडकर नगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के विकास खंड रामनगर स्थित ग्राम सभा रूढ़ी में सीमांकन पत्थर लगाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में ग्रामीणों ने सीमांकन पत्थर गलत स्थान पर लगाए जाने और गलत रिपोर्ट भेजने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा रूढ़ी की उत्तरी-पश्चिमी सीमा पर पूर्व में तैनात लेखपाल ने सीमांकन पत्थर निर्धारित स्थान पर नहीं लगाया। आरोप है कि बिना सही जगह पर पत्थर लगाए केवल फोटो खींचकर शासन और प्रशासन को पत्थर लगाए जाने की सूचना भेज दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ग्राम प्रधान रूढ़ी, खजुरिया और अखलासपुर की ओर से भी सीमांकन पत्थर लगाए जाने की पुष्टि कर दी गई। बाद में अप्रैल 2026 में जब राजस्व विभाग की टीम खतौनी की जमीन की पैमाइश करने पहुंची, तब मामले का खुलासा हुआ।
पैमाइश के दौरान सामने आई स्थिति
ग्रामीणों के अनुसार मौके पर सीमांकन पत्थर सही स्थान पर नहीं मिला। इस कारण सीमांकन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया गया कि उपजिलाधिकारी आलापुर के निर्देश पर पहुंची राजस्व टीम को बिना नापजोख किए ही वापस लौटना पड़ा।
मामले को लेकर ग्राम सभा रूढ़ी निवासी और निराला साहित्य समाचार पत्र के संस्थापक राम चंदर मौर्य ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। शिकायत में सीमांकन पत्थर को सही स्थान पर लगाए जाने की मांग की गई है।
कार्रवाई की उठाई मांग
शिकायतकर्ताओं ने गलत रिपोर्ट भेजने वाले संबंधित लेखपाल और कथित रूप से गलत गवाही देने वाले ग्राम प्रधानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। ग्रामीणों का कहना है कि सही सीमांकन नहीं होने से भविष्य में भूमि विवाद की स्थिति और बढ़ सकती है।









