
- कुल्हाड़ी से की गई तांत्रिक की बेरहमी से हत्या
- झाड़-फूंक में नाकामी बना कत्ल की वजह?
- पुलिस ने चार नामजद आरोपियों पर दर्ज किया केस
मुरादाबाद। कुंदरकी थाना क्षेत्र के हरियाणा गांव में झाड़-फूंक करने वाले 60 वर्षीय तांत्रिक गुलाब सिंह सैनी की शनिवार देर रात कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनके सीने, टांगों और प्राइवेट पार्ट पर भी धारदार हथियार से कई बार हमला किया। परिजनों का आरोप है कि वारदात में गांव के ही चार युवक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हमलावर देर रात गुलाब सिंह के घर में घुसे और उन्हें बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए। घर के अंदर फर्श पर खून फैला था और सामान बिखरा पड़ा था, जिससे संघर्ष के संकेत मिलते हैं।
परिजनों ने बताया झाड़-फूंक से जुड़ा विवाद हत्या की वजह
गुलाब सिंह की बेटी पूजा ने बताया कि उनके पिता गांव में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक करते थे। कुछ समय पहले गांव के एक युवक संजीव की बहन बीमार थी, जिसे इलाज के लिए गुलाब सिंह के पास लाया गया था। पूजा के मुताबिक, “पिता ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन युवती को नहीं बचा सके। इसके बाद युवती के घरवालों को लगा कि पिता ने जानबूझकर उसे मारा है।”
पूजा का दावा है कि उसी रंजिश के चलते संजीव और उसके साथियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।









