अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिसारा गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर कार्यरत श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना शनिवार रात की है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कूलर का तार लगाते समय हादसा
मृतक की पहचान उन्नाव जनपद के सुलेमपुर गांव निवासी गुड्डू (32) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी कोमल और दो बच्चों के साथ पोल्ट्री फार्म पर रहकर काम करता था। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात वह कूलर का तार बिजली बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान तार में कट होने से वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अस्पताल पहुंचाया गया, इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में गुड्डू को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया। रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गुड्डू की मौत की खबर मिलते ही पत्नी कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
पोल्ट्री फार्म संचालक पर काम का भार
जानकारी के अनुसार, गुड्डू कई वर्षों से सिसारा गांव के प्रधान रोहित चौधरी द्वारा संचालित पोल्ट्री फार्म पर काम कर रहा था और वहीं परिवार के साथ रहता था। वह इसी काम से परिवार का भरण-पोषण करता था।









