बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा- पुलिया से गिरी कार में लगी आग

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। हादसा जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जानीपुर-चंदौस तिराहे के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिया तोड़ते हुए सड़क से नीचे जा गिरी और उसमें भीषण आग लग गई।

कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से एकमात्र महिला ही जिंदा बच सकी। कार में आग इतनी भयानक थी कि लोग पास जाने से भी डर गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने शीशा तोड़कर महिला को बाहर निकाला, लेकिन बाकी को नहीं बचाया जा सका।

मृतकों में दो दंपती और एक मासूम बच्चा

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मोमिना (24), उनके पति जुबैर (30), बेटे जैनुल (2), मोमिना के भाई तनवीज (26) और उनकी पत्नी निदा (23) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल मोमिना की बहन गुलनाज उर्फ भुर्रो को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा

परिवार बदायूं जिले के चमनपुरा (थाना सहसवान) का रहने वाला था। 15 जून को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से बदायूं आया था। 19 जून की सुबह करीब साढ़े तीन बजे वे स्विफ्ट कार से दिल्ली के लिए निकले थे।

कार तनवीज चला रहा था और जुबैर अगली सीट पर बैठा था। बाकी सभी महिलाएं पिछली सीटों पर थीं। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ जब चालक को झपकी आ गई और कार पुलिया तोड़कर 5 फीट नीचे जा गिरी।

महिला की आंखों के सामने जलता रहा परिवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला पीछे की सीट पर थी। शीशा तोड़कर उसे किसी तरह बाहर निकाला गया। लेकिन बाकी लोगों को आग की तेज लपटों के कारण बचाया नहीं जा सका। महिला चीखती रही, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह आग की ओर जाए।

फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई और पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया। शव इतने बुरी तरह जल चुके थे कि पहचान पाना मुश्किल था।

जुबैर और तनवीज करते थे पेंटिंग का काम

मृतकों के रिश्तेदार इमरान ने बताया कि जुबैर और तनवीज दिल्ली में पेंटिंग का काम करते थे। तनवीज की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी, जबकि जुबैर के दो बच्चे थे। हादसे में उसका बेटा जैनुल भी चल बसा, जबकि चार साल की बेटी अब अकेली बची है।

Back to top button