
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत 31 जनवरी 2026 को आयुक्त व रोल प्रेक्षक अयोध्या मंडल राजेश कुमार ने जनपद स्तरीय समीक्षा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसआईआर के अंतर्गत नोटिसों की सुनवाई, फॉर्म-6 प्रक्रिया, वंचित मतदाताओं की पहचान और एसओपी अनुपालन की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि आयोग के निर्देशानुसार कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे मतदाताओं को सुनवाई तिथियों पर उपस्थित होने के लिए सक्रिय सहयोग दें।
फॉर्म-6 प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद में एसआईआर की प्रगति से अवगत कराए जाने पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में सभी शेष पात्र नागरिकों से अनिवार्य रूप से फॉर्म-6 भरवाया जाए। नोटिसों की सुनवाई गुणवत्तापूर्ण ढंग से की जाए और प्रत्येक मामले का स्पष्ट निस्तारण सुनिश्चित हो।
अकबरपुर और कटेहरी में बूथों का निरीक्षण
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने तहसील अकबरपुर में विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर और कटेहरी के चयनित बूथों का भ्रमण किया। कार्यालय खंड विकास अधिकारी अकबरपुर, पंचायत भवन अन्नावा सहित प्राथमिक विद्यालय मूसेपुर गिरंट, घाघुपुर तथा पंचायत भवन धनवारी और खेमराज इंटर कॉलेज खेमापुर में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची वाचन, फॉर्म-6, 7 और 8 के संकलन तथा ‘नो-मैपिंग’ मामलों की सुनवाई का भौतिक सत्यापन किया गया।









