जॉर्जिया में फंसे आगरा के कवि शंशाक नीरज

  • 16 जून को जॉर्जिया पहुंचे थे शंशाक नीरज
  • 22 और 23 जून की फ्लाइट रद्द
  • एयरस्पेस बंद, एयरपोर्ट पर फंसे 140 भारतीय

आगरा। मशहूर कवि पद्मभूषण गोपालदास नीरज के बेटे शंशाक नीरज अपने बच्चों के साथ जॉर्जिया में फंस गए हैं। आगरा के बल्केश्वर निवासी शंशाक 16 जून को अपने बेटे असीम शिखर और बेटी विदुषी नीरज के साथ घूमने के लिए जॉर्जिया गए थे। लेकिन अब 140 अन्य भारतीयों के साथ वे तिब्लिसी एयरपोर्ट पर मजबूरी में समय काट रहे हैं।

फ्लाइट रद्द, एयरस्पेस बंद
22 जून को लौटने के लिए उन्होंने एयर अरेबिया की फ्लाइट बुक की थी, लेकिन एयरलाइन ने 30 जून तक सभी उड़ानें रद्द कर दीं। इसके बाद 23 जून को इंडिगो की शाम 7:40 बजे की फ्लाइट से वापस लौटने का प्रयास किया, लेकिन अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद जॉर्जिया का एयरस्पेस बंद हो गया। नतीजतन, सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

वीडियो में दिखाई एयरपोर्ट की स्थिति
शंशाक नीरज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर हालात बताए। वीडियो में उन्होंने एयरपोर्ट पर फंसे भारतीयों की हालत और खुद की परेशानी बयान की। उनका कहना है कि फ्लाइट रद्द होने पर कंपनसेशन नहीं मिला और ट्रैवल इंश्योरेंस भी बेअसर साबित हुआ।

3.5 लाख खर्च कर फिर से टिकट कराई
उन्होंने बताया कि अब उन्होंने 25 जून की नई टिकट बुक कराई है, जिसकी कीमत करीब 3.5 लाख रुपये है। शंशाक ने कहा, “मैं तो वेकेशन मनाने आया था, लेकिन अब ये वेकेशन नरक बन गया है।” उन्होंने भारत सरकार और एयरलाइंस से मदद की गुहार लगाई है।

Back to top button