- बुजुर्ग सिलाई का काम कर घर लौटते वक्त चपेट में आए
- टक्कर से 10 फीट दूर जाकर गिरे, मौके पर मौत
- बाइक सवार मौके से फरार, पुलिस ने बाइक जब्त की
झांसी। मऊरानीपुर कस्बे में 23 जून की शाम एक तेज रफ्तार बाइक ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना बुधवार सुबह सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
बुजुर्ग पैदल लौट रहे थे घर
मृतक की पहचान अल्याई मोहल्ला निवासी जगदीश प्रसाद (70) के रूप में हुई है, जो टीकमगढ़ रोड स्थित अग्रसेन महाविद्यालय के पास सिलाई का काम करते थे। उनके बेटे अनिल कुमार के अनुसार, रोज की तरह वह शाम को पैदल घर लौट रहे थे कि तभी परिवार पैलेस के पास पीछे से आ रही एक बेकाबू बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे का वीडियो वायरल
1 मिनट 18 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बुजुर्ग सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार बाइक लहराती हुई आती है और बुजुर्ग को टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे और वहीं उनकी मौत हो गई।
बाइक सवार भाग निकले, वाहन जब्त
हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गिर गए थे। उनमें से एक युवक घायल हो गया और बैठा रहा, जबकि दूसरा थोड़ी देर इधर-उधर देखने के बाद चुपचाप निकल गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों युवक बाइक वहीं छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है।








