- बजरडीहा में निर्माणाधीन अपार्टमेंट के गड्ढे में डूबा 7 साल का मासूम
- बारिश से भरे गड्ढे में पैर फिसलने से हुआ हादसा
- गड्ढा एक साल से अधूरा, बिल्डर ने नहीं की सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। शहर के बजरडीहा इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम आदर्श कुमार की मौत हो गई। वह निर्माणाधीन त्रिदेव अपार्टमेंट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूब गया, जिसे एक साल से ऐसे ही छोड़ दिया गया था। लगातार बारिश से गड्ढा पानी से लबालब हो गया था। बच्चे का पैर फिसलने के बाद वह गड्ढे में गिरा और समय पर मदद न मिलने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस और स्थानीय विधायक सौरव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन शांत हुए।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
मृतक के पिता दीपक कुमार भेलूपुर के बजरडीहा इलाके में परिवार संग रहते हैं और प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि एक साल पहले अपार्टमेंट निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसे ठेकेदार ने अधूरा छोड़ दिया।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे आदर्श अपने दोस्तों के साथ खेलते हुए अपार्टमेंट के पास चला गया। खेलते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में जा गिरा। उसके साथ मौजूद बच्चे डर कर भाग गए और परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आदर्श को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही पर गुस्से में परिजन, सड़क पर शव रख किया प्रदर्शन
बेटे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
सूचना पर पुलिस और विधायक सौरव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत कर जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।
मां-बाप पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपक कुमार ने बताया कि आदर्श उनका इकलौता बेटा था, जिसका जन्म 12 साल की शादी के बाद हुआ था। वह पढ़ाई में तेज था और परिवार की उम्मीद था। बेटे की मौत की खबर के बाद मां सदमे में हैं, बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। घर में कोहराम मचा है।







