
- आलापुर में मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न
- रामनगर बाजार समेत कई क्षेत्रों में रही सख्त पुलिस तैनाती
- सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी
अंबेडकरनगर। जिले की आलापुर तहसील में गुरुवार को मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक वातावरण में निकाला गया। रामनगर बाजार सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा और पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाती रही।
जुलूस के दौरान रामनगर बाजार में स्थानीय लोगों ने मिलकर अमन और भाईचारे की मिसाल पेश की। इस अवसर पर अनीश मोहम्मद, शाहिद मोहम्मद, रईस मोहम्मद, शमी, शकील अहमद, वकील जमील समेत अन्य गणमान्य लोगों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
थानाध्यक्ष आलापुर ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पूरे अमले को लगाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि यदि किसी भी स्थान पर गड़बड़ी की आशंका हुई तो त्वरित कार्रवाई की जाएगी। वहीं रामनगर सहित अन्य इलाकों में मोहर्रम का पर्व पूरी धार्मिक श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाया गया।








