अयोध्या में पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर थाना प्रभारियों और निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने गुरुवार को तबादला आदेश जारी करते हुए कई महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंप दी।
तबादला सूची के अनुसार कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पांडे को उनके पद से हटा दिया गया है। कोतवाली नगर क्षेत्र में ही राम मंदिर परिसर आता है। हाल ही में राम मंदिर के दानपात्र से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले के बीच इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत पूराकलंदर, इनायतनगर, महाराजगंज, रौनाही, तारुन और बीकापुर समेत कई अहम थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। कुछ अधिकारियों को रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि वहां से कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसएसपी के आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग इस बदलाव को अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की रणनीति के रूप में देख रहा है।









