लखनऊ। राजाजीपुरम के जलालपुर फाटक के पास मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चाय की दुकान पर बैठे एक युवक पर बदमाशों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, नाक, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
दोस्तों के साथ बैठा था युवक, अचानक हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल मोहम्मद यूनुस अपने दोस्तों के साथ चाय की दुकान पर बैठा था, तभी शुभम सिंह, किशन सिंह, शोभित पाल और उनके दो साथी वहां पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि युवक खुद को बचा भी नहीं सका। उसके साथियों ने किसी तरह उसे पास के अस्पताल पहुंचाया।
हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
घायल युवक की पहचान मोहम्मद यूनुस पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी बलदेव दास के पास, पुराना हैदरगंज के रूप में हुई है। यूनुस के चाचा सुफियान गाजी ने बुधवार दोपहर हमलावरों के खिलाफ तालकटोरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, एक नाबालिग हिरासत में
इंस्पेक्टर तालकटोरा ने बताया कि घटना की वजह आपसी रंजिश मानी जा रही है। हमले के बाद पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।







