- महिला से लोन दिलाने के नाम पर वसूले गए 1.80 लाख
- गोमती नगर शाखा के तीन कर्मचारियों पर लगे आरोप
- एफआईआर दर्ज, बाजार खाला पुलिस कर रही जांच
लखनऊ। कोटक महिंद्रा बैंक से लोन दिलाने के नाम पर बैंक कर्मियों द्वारा एक महिला से 1.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बाजार खाला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चेक और यूपीआई के जरिए लिए पैसे
बाजार खाला स्थित संजय नगर की रहने वाली सोनिया चन्देल ने मई 2024 में 10 लाख रुपये का लोन कोटक महिंद्रा बैंक से लेने के लिए आवेदन किया था। महिला का आरोप है कि लोन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर गोमतीनगर स्थित कोटक महिंद्रा प्राइम लिमिटेड के कर्मचारी राघवेन्द्र सिंह, संदीप सिंह और एसबीआई के अमित सक्सेना ने उनसे 40 हजार रुपये यूपीआई के जरिए और 1.40 लाख रुपये चेक के जरिए वसूले।
लोन नहीं मिला, अधिकारियों से की शिकायत
सोनिया के मुताबिक, आरोपियों ने बार-बार मिलने पर भी लोन मंजूर नहीं कराया। उन्होंने बैंक अधिकारियों और स्थानीय थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जाकर बाजार खाला पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस बोली– सबूतों के आधार पर होगी कार्रवाई
बाजार खाला पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







