यूपी में फिर बढ़ेगी गर्मी की मार, 9 जून से तीन दिन लू चलने का अलर्ट

महाराजगंज में तड़के हुई मूसलाधार बारिश, 24 घंटे में तापमान 47°C तक पहुंचने की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर अब थमता नजर आ रहा है। रविवार तड़के महाराजगंज जिले में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की घटनाएं भी दर्ज की गईं। भारी बारिश से खेतों में पानी भर गया और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

वहीं प्रदेश के अधिकांश जिलों में रविवार को मौसम साफ रहा। तेज धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हवा की रफ्तार कम होने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब समाप्त हो चुका है। इसके चलते प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। हालांकि स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही 9 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में तीन दिनों तक हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है।

विभाग के मुताबिक, 11 जून के बाद प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है, जिससे कुछ क्षेत्रों में राहत भरी बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button