
वाराणसी। पिंडरा से भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह के भतीजे गौरव सिंह उर्फ पिंचू का पिस्टल लहराता हुआ एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया है। वीडियो में वह होटल के कमरे से बाहर निकलते ही अपने दोस्त से पिस्टल लेते हैं और फोन पर बात करते हुए हथियार लहराते हैं। इस 38 सेकेंड की रील में बैकग्राउंड में एक धमकी भरा गाना बजता है– “कोई भी बाहुबली को झेल दिया जाएगा, प्यार से समझ लीजिए, नहीं तो रेल दिया जाएगा।”
पुलिस को नहीं मिली शिकायत, कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की
रील वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सवाल उठाया कि क्या बनारस में हथियार लहराने की छूट है, या विधायक के परिजनों को विशेष अधिकार दिए गए हैं? उन्होंने कहा, “पुलिस-प्रशासन पूरी तरह खामोश क्यों है? भाजपा विधायक का भतीजा खुलेआम पिस्टल लहरा रहा है और अब तक कोई एफआईआर नहीं हुई।”
पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक किसी ने औपचारिक शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक के बेहद करीबी माने जाते हैं गौरव सिंह
वायरल वीडियो में नजर आ रहे गौरव सिंह विधायक अवधेश सिंह के सगे भतीजे हैं और राजनीतिक गतिविधियों में उनके सबसे विश्वसनीय सहयोगी माने जाते हैं। वह विधायक के विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई काम देखते हैं। गौरव म्यूजिक और होटल कारोबार में भी सक्रिय हैं। उनकी म्यूजिक कंपनी ‘आशा म्यूजिक वर्ल्ड’ भोजपुरी और हिंदी गानों की रिकॉर्डिंग करती है। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड समेत शहर में कई होटल भी इनके स्वामित्व में हैं।
विधायक अवधेश सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि
डॉ. अवधेश सिंह पहले कांग्रेस नेता अजय राय के करीबी माने जाते थे। बाद में भाजपा से जुड़कर 2012 में पहली बार चुनाव लड़ा था। 2017 और 2022 में उन्होंने लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपनी पकड़ मजबूत की है।








