- भूतनाथ कॉलोनी में सचिवालय कर्मी की पत्नी पर हमला कर लूट
- पीड़िता शशि पांडेय ने 10 संदिग्धों को पहचानने से किया इनकार
- पुलिस अब स्केच बनवाकर तलाश में जुटी
लखनऊ। लखनऊ के भूतनाथ की पॉश कॉलोनी में सचिवालय अफसर की पत्नी पर हमला कर जेवर लूटने वाले बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार लगी हैं। पीड़िता शशि पांडेय ने 10 संदिग्धों को पहचानने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद पुलिस अब स्केच बनवाकर तलाश में जुट गई है।
वारदात का हुलिया और सुराग
पीड़िता शशि पांडेय ने बदमाश की उम्र 20-25 साल, काली शर्ट, लंबे बाल, हल्की दाढ़ी और कम हाइट बताई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 10 संदिग्धों को पहचान के लिए बुलाया गया, लेकिन शशि ने किसी को पहचानने से इनकार कर दिया।
स्केच के जरिए तलाश शुरू
एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि अब हुलिए के आधार पर बदमाश का स्केच बनवाया जा रहा है। अब तक 70 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। जेल से छूटे अपराधियों की भी पड़ताल हो रही है। कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता के पति हरीश चंद्र पांडेय के अनुसार, लुटेरों ने वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की थी। घटना से 3-4 दिन पहले की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। महज 17 सेकेंड में अंजाम दी गई इस वारदात ने पुलिस को चुनौती दे दी है।
पीड़िता की हालत स्थिर, नई जानकारी की उम्मीद
इलाज के बाद पीड़िता शशि पांडेय 10 जुलाई को घर लौट चुकी हैं। हालांकि फिलहाल वे ज्यादा बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जैसे-जैसे उनकी हालत सुधरेगी, कुछ और अहम जानकारियां मिल सकेंगी।








