
- जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा
- सड़क मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
- डीएम ईशा प्रिया ने गुणवत्ता पर दिया जोर
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद लालजी वर्मा ने की। इसमें विधायक धर्मराज निषाद, राम अचल राजभर, त्रिभुवन दत्त और राम मूर्ति वर्मा समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट के साथ हुई। इसके बाद ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, पंचायती राज, नगर विकास, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खनन, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और श्रम विभाग की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री आवास और ग्रामीण सड़क योजनाओं पर चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम और राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों से योजनाओं की मौजूदा स्थिति और लाभार्थियों तक पहुंच की जानकारी ली गई।
सांसद लालजी वर्मा ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।









