
- अमौसी मेट्रो स्टेशन पर यात्री का बैग छूटा
- बैग में थे ₹46,000 नकद, कपड़े और चार्जर
- मेट्रो कर्मचारियों ने बैग को सुरक्षित रखा
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो ने एक बार फिर अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से यात्रियों का भरोसा जीत लिया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के लॉस्ट एंड फाउंड सेल ने एक यात्री का छूटा हुआ बैग खोज कर उसे सुरक्षित लौटाकर मानवता और जवाबदेही की मिसाल पेश की।
जानकारी के मुताबिक, एक यात्री मेट्रो ट्रेन में सफर के दौरान अपना काले रंग का बैग भूल गया था। बैग में 46,000 रुपये नकद, कुछ कपड़े और एक मोबाइल चार्जर मौजूद था। यह बैग अमौसी मेट्रो स्टेशन पर मिला, जिसकी जानकारी स्टेशन कर्मचारियों ने लॉस्ट एंड फाउंड सेल को दी।
तत्परता से मिली मदद, सुरक्षित लौटा बैग
कुछ देर बाद जब यात्री बैग की तलाश में स्टेशन पहुंचा तो स्टेशन कंट्रोलर ने तय प्रक्रिया के तहत उसकी पहचान सुनिश्चित की। पूरी जांच-पड़ताल के बाद बैग को सुरक्षित रूप से यात्री को सौंप दिया गया। अपना सामान सही सलामत वापस मिलने पर यात्री ने लखनऊ मेट्रो प्रशासन का धन्यवाद दिया और कर्मचारियों की ईमानदारी व मुस्तैदी की सराहना की।
UPMRC MD ने जताया गर्व
इस मौके पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “लखनऊ मेट्रो का लॉस्ट एंड फाउंड सेल हमारी टीम की ईमानदारी और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यात्रियों का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। मेट्रो न सिर्फ आरामदायक और समयबद्ध है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत विश्वसनीय है।”








