अंबेडकरनगर। सर्किट हाउस में सोमवार को सुभासपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान एनडीए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। बातचीत के दौरान उन्होंने शिक्षा, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक गठबंधन को लेकर कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
आईएएस चयन को लेकर किया दावा
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का असर देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि इस बार 54 मुस्लिम युवाओं ने आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि पिछली बार यह संख्या 51 थी।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने मुस्लिम सांसदों से अपील की कि वे अपने समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करें।
सपा और कांग्रेस गठबंधन पर टिप्पणी
राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्हें राजनीति में ‘दगे हुए कारतूस’ बताया। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें स्पष्ट रूप से नकार दिया था।
उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में भी यह गठबंधन कोई प्रभाव नहीं डाल पाएगा और जनता का भरोसा एनडीए के साथ बना रहेगा।









