फार्च्यूनर सवारों की दबंगई से मचा बवाल, डॉक्टरों ने ठप की ओपीडी

  • पर्चा काउंटर भी बंद, मरीजों को झेलनी पड़ी परेशानियां
  • डॉक्टरों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी, मांगी सुरक्षा
  • पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं

अंबेडकरनगर। मेडिकल कॉलेज सदरपुर के रेजिडेंट डॉक्टर के साथ फार्च्यूनर सवार दबंगों द्वारा मारपीट की घटना ने गुरुवार को चिकित्सा व्यवस्था को ठप कर दिया। आक्रोशित डॉक्टरों ने एमआरए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी सेवा पूरी तरह बंद कर विरोध दर्ज कराया। पर्चा काउंटर भी बंद कराया गया और जमकर नारेबाजी की गई।

खरीदारी कर लौट रहे थे डॉक्टर, स्कूटी में मारी टक्कर

घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के टांडा रोड स्थित रिलायंस ट्रेंड्स मार्ट के समीप बुधवार शाम की बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज सदरपुर के रेजिडेंट डॉक्टर विशाल गुप्ता अपनी महिला सहपाठी डॉ. मनस्विता के साथ स्कूटी से खरीदारी कर लौट रहे थे। उनके पीछे बाइक से डॉ. अजय गौर भी आ रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर (UP32 L 9900) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे डॉ. मनस्विता असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

गाली-गलौज और लाठी-डंडे से हमला, दी गई जान से मारने की धमकी

डॉ. विशाल गुप्ता ने बताया कि टक्कर के बाद फार्च्यूनर से उतरे युवकों ने पहले स्कूटी की चाबी निकाली, फिर डॉक्टरों के साथ गाली-गलौज की। जब डॉक्टरों ने विरोध किया, तो युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। घायल डॉक्टरों को अन्य रेजिडेंट साथियों की मदद से थाने लाया गया।

पांच अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, अब तक गिरफ्तारी नहीं

घटना की तहरीर डॉ. विशाल गुप्ता द्वारा अकबरपुर थाने में दी गई, जिस पर पुलिस ने पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, धमकी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फार्च्यूनर का नंबर मिलने के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Back to top button