- कानपुर के काकादेव में युवक की संदिग्ध हालात में मौत
- लिव-इन पार्टनर के साथ किराए के मकान में रह रहा था युवक
- शव बिस्तर और फर्श के बीच पड़ा मिला, फंदा टूटा हुआ था
कानपुर। कानपुर के काकादेव क्षेत्र में एक युवक की लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहे दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक का शव कमरे में आधा बिस्तर और आधा जमीन पर पड़ा मिला, जबकि पंखे से टूटा हुआ फंदा लटकता मिला। मृतक की पहचान लखन शुक्ला (24) के रूप में हुई है, जो पिछले दो महीने से तलाकशुदा महिला गुनगुन के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।
परिजनों ने महिला पर बेटे को पैसों के लिए प्रेमजाल में फंसाने और हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता अर्जुन शुक्ला ने बताया कि गुनगुन ने बेटे को बहकाकर न केवल घर से दूर किया, बल्कि दुकान का कैश और मां के गहने भी ले गई।
घटना से ठीक पहले दोनों ‘सैयारा’ मूवी देखकर लौटे थे। हॉस्टल में रह रहे छात्रों ने बताया कि फिल्म देखने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के दौरान गुनगुन कमरे में ही मौजूद थी। पड़ोसियों ने बताया कि दरवाजे के अंदर से चीखने की आवाजें आ रही थीं। दरवाजा जब खुला, तो लखन का शव मिला, और गुनगुन खुद भी रोती हुई नजर आई। हालांकि, पड़ोसियों और परिजनों के कई सवालों पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।








