आवारा कुत्तों के झुंड ने बंदर पर किया हमला

गंभीर रूप से घायल बंदर को वन विभाग ने उपचार के लिए भेजा, गांव में बढ़ी चिंता

  • ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
  • जाल की मदद से कई घंटे बाद किया गया रेस्क्यू
  • पशु अस्पताल में कराया गया घायल बंदर का उपचार
  • वन विभाग की निगरानी में तेन्दुआ कला नर्सरी में रखा गया बंदर

आलापुर (अम्बेडकरनगर)। विकासखंड जहांगीरगंज के ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार में सोमवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बंदर पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे गांव में पहुंचे बंदर को आवारा कुत्तों के झुंड ने घेर लिया। हमले में बंदर के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि सिर पर भी जख्म हो गए। घायल होने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।

जाल की मदद से पकड़ा गया घायल बंदर

घटना की सूचना पर थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल बंदर को सुरक्षित पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया। बाद में मछली पकड़ने वाले जाल की सहायता से उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू के बाद बंदर को तत्काल पशु अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने उसे आवश्यक दवाएं और इंजेक्शन दिए।

वन विभाग की निगरानी में रखा गया

पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवीन्द्र कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि उपचार के बाद घायल बंदर को वन विभाग की तेन्दुआ कला नर्सरी में सुरक्षित रखा गया है। वहां उसकी निगरानी की जा रही है और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button