
- बजाज चेतक स्कूटर और गोगो थ्री-व्हीलर का उत्पादन हो सकता है बंद।
- चीन से रेयर अर्थ मैग्नेट की सप्लाई बंद, स्टॉक खत्म होने की कगार पर।
- जून में प्रोडक्शन ठीक-ठाक चला, जुलाई में हुआ आधा, अब अगस्त में ठप पड़ने की आशंका।
नई दिल्ली। पुणे स्थित बजाज ऑटो को अगले महीने यानी अगस्त 2025 से अपनी प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक और थ्री-व्हीलर गोगो का उत्पादन पूरी तरह रोकना पड़ सकता है। इसका कारण है – रेयर अर्थ मैग्नेट्स की आपूर्ति में रुकावट, जो कि इलेक्ट्रिक वाहनों की मोटर के लिए बेहद जरूरी होते हैं।
कंपनी के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने इकोनॉमिक टाइम्स से बातचीत में बताया कि जून में कंपनी का उत्पादन मौजूदा स्टॉक पर टिका था, लेकिन जुलाई में यह स्टॉक आधा रह गया। अब अगस्त में स्टॉक पूरी तरह खत्म हो सकता है, जिससे उत्पादन शून्य हो जाएगा।
जुलाई में उत्पादन आधा हुआ
बजाज ऑटो देश की दूसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता है। जून 2025 में कंपनी ने 23,004 यूनिट्स की बिक्री की, जो कि पिछले साल से 154% अधिक है। लेकिन, चीन की ओर से मैग्नेट सप्लाई रोकने के कारण जुलाई में उत्पादन घटाना पड़ा, जिससे बिक्री पर भी असर पड़ेगा।
राजीव बजाज के मुताबिक, “बजाज का EV पोर्टफोलियो अब लाभ देने लगा था, लेकिन यह संकट अब कंपनी के रेवेन्यू, मार्केट शेयर और EBITDA (कमाई) को गहरा नुकसान पहुंचा सकता है।”








