उधार और धमकी से परेशान गुमटी संचालक ने हिस्ट्रीशीटर की कराई हत्या

सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

लखनऊ के Sushant Golf City थाना क्षेत्र में 5 मई को हुई हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ कालिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या मृतक के ही तमंचे से की गई थी। मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने पूछताछ में पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया है।

स्कूल के पीछे मिला था खून से लथपथ शव

5 मई को अवध विहार योजना के सेक्टर-8 स्थित नगराम रोड पर एक स्कूल के पीछे युवक का शव मिला था। उसके सिर में गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान पीजीआई थाना क्षेत्र के रेवतापुर निवासी सचिन उर्फ कालिया (30) के रूप में हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

उधार के विवाद में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संतोष यादव की इलाके में सिगरेट, गुटखा और पानी की गुमटी है। संतोष ने पूछताछ में बताया कि सचिन रोज उसकी दुकान से उधार सामान लेता था, लेकिन पैसे नहीं देता था। रुपये मांगने पर वह धमकी देता था और अन्य ग्राहकों को भी दुकान पर आने से रोकता था।

आरोपी के मुताबिक सचिन के व्यवहार से वह काफी परेशान था। इसी कारण उसने अपने जीजा कमल यादव के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पार्टी के बहाने बुलाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने सचिन को पार्टी देने के बहाने बुलाया। वहां उसे ज्यादा शराब पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो आरोपी उसे सुनसान इलाके में ले गए और उसके ही तमंचे से सिर में गोली मार दी।

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button