- सेंट जॉन्स कॉलेज और इमार्टिकस लर्निंग के बीच एमओयू
- कॉलेज परिसर में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना
- स्किल ट्रेनिंग, टेक्नोलॉजी और कॉर्पोरेट कल्चर की जानकारी
आगरा। शहर के प्रतिष्ठित सेंट जॉन्स कॉलेज ने छात्रों की पढ़ाई और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए एक अहम कदम उठाया है। कॉलेज ने इमार्टिकस लर्निंग के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करते हुए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की है। यह केंद्र छात्रों को इंडस्ट्री के अनुरूप तैयार करेगा, जहां उन्हें स्किल ट्रेनिंग, आधुनिक टेक्नोलॉजी की जानकारी और कॉर्पोरेट वर्क कल्चर का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन का दावा है कि सेंट जॉन्स आगरा का पहला ऐसा कॉलेज है, जहां इस प्रकार का केंद्र शुरू हुआ है। उत्तर प्रदेश में यह सुविधा सिर्फ चार कॉलेजों में ही उपलब्ध है, जिनमें सेंट जॉन्स भी शामिल है।
समझौते के मौके पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस.पी. सिंह और इमार्टिकस लर्निंग के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रवि किरण उपस्थित रहे। इनके साथ इमार्टिकस टीम से श्री अभिक्ष कुमार (उपाध्यक्ष), गणेश दत्ता (प्रशिक्षण प्रमुख) और उत्कर्ष सोनी (कॉर्पोरेट सहयोगी) भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्राचार्य प्रो. सिंह ने बताया कि यह केंद्र केवल सेंट जॉन्स कॉलेज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अन्य कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों व शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देगा। इससे न केवल छात्रों को नई स्किल्स मिलेंगी बल्कि शिक्षकों को भी संकाय विकास कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. विक्रम सिंह और प्रशिक्षण व प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. अमित नेल्सन सिंह भी मौजूद रहे। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि यह पहल छात्रों को न केवल शिक्षा में बल्कि करियर के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।







