
- गूगल, माइक्रोसॉफ्ट समेत 20 कंपनियों से MoU
- सतनाम सिंह बोले – सुधर जा पाकिस्तान, नहीं तो ठोकेंगे
- प्रदेश में 23 नए विश्वविद्यालय, 2 को मिली A+ रैंकिंग
उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उन्नाव में देश की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यूनिवर्सिटी का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 8 साल पहले उत्तर प्रदेश में कोई निवेश नहीं करना चाहता था, न बेटियां सुरक्षित थीं न व्यापारी। लेकिन अब हमने प्रदेश को ऐसा माहौल दिया है कि लोग यहां निवेश करने आ रहे हैं। मंच से उन्होंने छात्रों को भविष्य का नींव पत्थर बताते हुए अनुशासन और संस्कार का महत्व भी समझाया।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर 2500 करोड़ की लागत से बनी यह यूनिवर्सिटी 63 एकड़ में फैली है, जिसमें 45 कोर्स चलाए जाएंगे। सीएम ने इस मौके पर एसएएस और केपीएमजी के सहयोग से स्थापित दो AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एक बिजनेस एंड एंटरप्रेन्योरशिप सेंटर का उद्घाटन भी किया।
“आज निवेश का केंद्र बना यूपी”
सीएम योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 45 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ जमीन पर उतर चुके हैं।” उन्होंने याद दिलाया कि एक समय था जब उप्र में अराजकता और उपद्रव का माहौल था, लेकिन आज यहां निवेशकों की भीड़ है और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
AI आधारित शिक्षा का नया युग
यह यूनिवर्सिटी छात्रों को AI आधारित ट्यूटर से पढ़ाई कराएगी। हर छात्र को उसकी ताकत और कमजोरियों के आधार पर कस्टमाइज्ड लर्निंग मैप मिलेगा। यहां कंप्यूटर साइंस से लेकर एग्रीकल्चर, साइकोलॉजी, कॉमर्स और मेडिकल तक में AI इंटीग्रेटेड कोर्स उपलब्ध होंगे।
छात्रों को अत्याधुनिक AI लैब्स में मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, NLP और डेटा साइंस जैसी टेक्नोलॉजी पर काम करने का अवसर मिलेगा। यहां शिक्षा को पूरी तरह टेक-ड्रिवन बनाया गया है।
CM बोले – अनुशासन खत्म तो होता है विनाश
सीएम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “जहां अनुशासन खत्म होता है, वहां दुस्साशन शुरू होता है और वही महाभारत का कारण बनता है। एक संस्कारवान युवा ही राष्ट्र निर्माण का आधार होता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद को केवल डिग्री तक सीमित न रखें, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।
पाकिस्तान को दी चेतावनी
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू ने पाकिस्तान को चेतावनी भरे लहजे में कहा, “बॉर्डर पर सरदार बैठे हैं, सुधर जा पाकिस्तान, नहीं तो ठोकेंगे बार-बार।” उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी न सिर्फ शिक्षा का हब बनेगी बल्कि AI से प्रेरित विकास को भी गति देगी।
कंपनियों से हुए 20 से ज्यादा MoU
इस यूनिवर्सिटी ने गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, IBM, KPMG, PwC, NSE, क्विक हील और ग्रांट थॉर्नटन जैसी 20 से अधिक कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए हैं। ये कंपनियां यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर इंडस्ट्री-कोलेबोरेटिव प्रोग्राम्स चलाएंगी, जिससे छात्रों को रोजगार और स्टार्टअप में नए अवसर मिलेंगे।








