
- नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- शिवबाबा धाम शहजादपुर में दिनभर चला जलाभिषेक
- अयोध्या से लौटते कांवड़ियों का भव्य स्वागत और भंडारे
अंबेडकरनगर। सावन माह की नाग पंचमी पर जनपद के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार सुबह से ही शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज के साथ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर आराधना की। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक नाग पंचमी का उत्सव पूरे भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
शिवभक्तों ने पारंपरिक रीति से भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु विशेष पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद की कामना की। प्रमुख शिवधामों में से एक शहजादपुर स्थित शिवबाबा धाम में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। यहां दिनभर जलाभिषेक और पूजन का सिलसिला चलता रहा। मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया।
कांवड़ियों का स्वागत और सेवा भाव
जनपद के विभिन्न मार्गों से लौटते हुए शिवभक्त कांवड़ियों का जत्था लगातार गुजरता रहा। अयोध्या से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। कई स्थलों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा भंडारे लगाए गए, जिसमें भारी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पुलिस की पैनी नजर, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क रही। प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारियों को सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।








