
- ताजमहल घूमने पहुंचीं इटली की दो महिला पर्यटक
- साड़ी खुलने पर महिला पुलिसकर्मी ने की मदद
- लक्ष्मी देवी ने पहनाने के साथ बताया पहनने का तरीका
आगरा। ताजमहल घूमने आईं इटली की दो महिला पर्यटकों की साड़ियां बार-बार खुलने लगीं, जिससे वे असहज महसूस कर रहीं थीं। इस पर वहां तैनात महिला सिपाही लक्ष्मी देवी ने न केवल उनकी मदद की बल्कि साड़ी पहनने का तरीका भी समझाया। यह दृश्य रविवार दोपहर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर देखने को मिला।
इटली से आए 15 लोगों के दल में शामिल एलिसिया और ब्रूना ने ताजमहल भ्रमण के दौरान पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी पहनी थी। लेकिन अनुभव की कमी के कारण उनकी साड़ियां बार-बार खुल रही थीं। इसी दौरान टूरिस्ट पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला कांस्टेबल लक्ष्मी देवी वहां पहुंचीं और उन्होंने बिना देर किए दोनों की साड़ी ठीक से बांधी और प्लेट्स बनाईं।
सिपाही लक्ष्मी ने उन्हें बताया कि साड़ी पहनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि चलने-फिरने में परेशानी न हो। एलिसिया और ब्रूना ने साड़ी की लंबाई, पल्लू की स्थिति और प्लेट्स बनाने जैसे कई सवाल पूछे, जिनका लक्ष्मी ने सहजता से जवाब दिया।
विदेशी पर्यटकों ने लक्ष्मी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इट्स अमेजिंग ड्रेस, इंडिया की यह ड्रेस वाकई वंडरफुल है। हमें साड़ी पहनना बहुत अच्छा लगता है और यह काफी कंफर्टेबल भी है।” एलिसिया ने नीली और ब्रूना ने गुलाबी प्रिंटेड साड़ी पहन रखी थी।








