- ₹4 करोड़ की परियोजना पर सवाल
- घटिया निर्माण सामग्री के आरोप
- डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग
महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा के मीराबाई नगर वार्ड संख्या-25 में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रही अमृत सरोवर परियोजना में कथित अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का मामला सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता बृजेंद्र सिंह आशीष ने जिलाधिकारी महराजगंज को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बरसात शुरू होने से पहले ही निर्माणाधीन सीढ़ियों में दरारें दिखाई देने लगी थीं। लगातार बारिश के बाद परियोजना के कुछ हिस्सों में धंसाव भी देखा गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी या घटिया सामग्री का उपयोग हुआ है, तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।
उन्होंने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य तत्काल रोकने, स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने और जांच पूरी होने तक परियोजना से संबंधित किसी भी भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है।
बृजेंद्र सिंह आशीष ने कहा कि यदि जांच में अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण उद्देश्यों से जुड़ी है, इसलिए इसकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।









