
- 1.54 लाख स्कूलों का कायाकल्प किया गया: योगी
- सपा ने यूपी को 20वें नंबर पर पहुंचाया, अब 3 से 5वें में है राज्य
- डबल इंजन सरकार बना रही भयमुक्त, माफियामुक्त उत्तर प्रदेश
मुरादाबाद/बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सपा पर तीखा हमला बोला। मुरादाबाद के पीपली गांव में अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने कभी “ग से गणेश” पढ़ाने का विरोध किया था और कहा था “ग से गधा” होता है। इस बयान को लेकर सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा, “गणपति की अवमानना करने वालों की बुद्धि भी गधे जैसी हो गई है।”
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस किया है। आज ये लोग पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) की चिंता कर रहे हैं, लेकिन उनकी पाठशालाओं में क्या पढ़ाया गया, ये सब जानते हैं।
सपा ने नकल कराकर युवाओं को खोखला किया’
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राज में नकल कराना ही शिक्षा का मॉडल था। हमने प्रदेश के 1.54 लाख जर्जर स्कूलों को पुनर्जीवित किया है। अब उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष 5 राज्यों में गिना जाता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग “नकल संस्कृति” को बढ़ावा देते थे, अब उन्हें अटल आवासीय विद्यालय जैसे मॉडल स्कूल देखकर शिक्षा का सही चेहरा समझना चाहिए। श्रमिकों के बच्चों के लिए 12वीं तक की मुफ्त पढ़ाई, रहने-खाने की व्यवस्था और भविष्य की शिक्षा का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
बरेली में सीएम का सपा पर हमला: ‘तुष्टिकरण से दंगे होते थे’
बरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पहले सरकारी योजनाएं जाति-मजहब देखकर दी जाती थीं, जिससे अराजकता फैलती थी। लेकिन भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है।
उन्होंने कुंदरकी उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा, “जब योजनाएं तुष्टिकरण का कारण बनती हैं, तो परिणाम कुंदरकी जैसा होता है। वहां 60% मुस्लिम आबादी होने के बावजूद भाजपा ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की।”









