- महिला हेलमेट पहनने से सिर की चोट से बचीं, हालत गंभीर
- भीड़ ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
- सीसीटीवी में घटना के पूरे 1 मिनट 49 सेकंड के फुटेज कैद
मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र के प्रिंस रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। शिरडी साई स्कूल की बस ने स्कूटी से घर जा रही बैंक क्लर्क महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला बस के अगले हिस्से में फंस गई और चालक ने बस नहीं रोकी। करीब 100 मीटर तक महिला को घसीटते हुए ले गया।
स्थानीय लोगों ने दौड़कर महिला को उठाया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत रही कि महिला ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर की चोट से बचाव हो गया। हादसे के बाद भीड़ ने बस चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता श्रेया, मूल रूप से उत्तराखंड के पंतनगर की रहने वाली हैं और मुरादाबाद के बुद्ध बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में क्लर्क हैं। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वे लंच टाइम में स्कूटी से घर लौट रही थीं, तभी चड्डा सिनेमा के पास हादसा हुआ।
घटना का 1 मिनट 49 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार बस महिला को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मारती है और फिर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के वक्त बस में कोई बच्चा नहीं था और चालक भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है।








